उसहैत में खेत पर चारा लेने गई विवाहिता की करंट लगने से मौत, विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप

उत्तर प्रदेश
बदायूॅं जनमत‌। शनिवार शाम खेत पर चारा लेने गई विवाहिता की करंट लगने से मौत हो गई। मृतका की शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मामला उसहैत थाना क्षेत्र का है। गांव मिर्जापुर अतिराज निवासी मंगली की पत्नी गीता (36 वर्ष) शनिवार शाम करीब 4.30 बजे खेत पर चारा लेने गई थी। उसने खेत से चारा काटा इसके बाद चारे की पोटली सिर पर रखकर चलने लगी। इसी दौरान खेत के पास से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से वह टच हो गई। विद्युत लाइन में करंट दौड़ रहा था। गीता करंट की चपेट में आ गई। करंट लगते ही गीता बेहोश हो गई। आसपास खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर गीता के पास पहुंचे। उन्होंने परिजनों को हादसे की सूचना दी।
हादसे की सूचना पाकर परिजन खेत पर पहुंचे, वह गीता को लेकर म्याऊं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां डॉक्टर ने गीता को मृत घोषित कर दिया। वहीं गीता की मौत कई खबर उसहैत पुलिस को मिली। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह ने पंचनामे की कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप…

हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि हाइटेंशन लाइन खेतों में झूल रही है। जिसकी चपेट में आकर गीता की मृत्यु हुई है। लोगों की मांग है कि विभाग झूलती लाइन को सही करे अन्यथा फिर कोई हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *