बदायूॅं जनमत। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री एवं स्टार प्रचारक आबिद रज़ा और सांसद आदित्य यादव के प्रतिनिधि अनिल आनन्द ने नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री एवं स्टार प्रचारक आबिद रज़ा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज के दौर की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और हरियाली के बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पौधे केवल प्रकृति का श्रृंगार नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी गारंटी हैं।
पूर्व मंत्री ने कहा कि वह गांव-गांव जाकर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से नीम, पीपल और बरगद जैसे छायादार एवं जीवनदायी वृक्ष लगाने का अभियान चला रहे हैं। उन्होंने इन वृक्षों को सामाजिक न्याय, समानता और समरसता का प्रतीक बताते हुए कहा कि जैसे ये पेड़ बिना किसी भेदभाव के सभी को छाया और शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, उसी प्रकार समाज में भी समानता और भाईचारे की भावना मजबूत होनी चाहिए।
पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आगे आकर हरित अभियान का हिस्सा बनने और पर्यावरण बचाने की मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण और पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान पर्यावरण जागरूकता, हरियाली बढ़ाने और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।

