बदायूं में मेंथा टैंक की सफाई करते समय दो भाईयों की मौत, तीसरे की हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बिसौली तहसील के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव सुरैनी पापड़ी गांव में मेंथा टैंक की सफाई करने उतरे दो सगे भाईयों की जहरीली गैस से दम घुटने के कारण मौत हो गई। उन्हें बचाने टैंक में उतरे तीसरे भाई की हालत गंभीर है। उसे मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला शुक्रवार सुबह का है। गांव निवासी बट्टू अपने बेटों जयवीर, राजेश और मनवीर के साथ अपने खेत में लगे मेंथा प्लांट के टैंक पर गए थे। यहां उन्हें टैंक की सफाई करनी थी। बताया जाता है कि सबसे पहले जयवीर टैंक के अंदर उतरा, उसके बाद राजेश भी टैंक में उतर गया। दोनों के बाद मनवीर भी उतर गया, लेकिन तीनों ही अंदर जाकर बेहोश हो गए। बट्टू को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण वहां एकत्र हो गए और जैसे तैसे तीनों को बाहर निकाला। तीनों अचेत अवस्था में थे, जिन्हें चन्दौसी के एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उससे पहले ही जयवीर और राजेश की मौत हो गई। मनवीर की हालत गंभीर देखते हुए उसे मुरादाबाद ले जाया गया है। दो भाइयों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। प्रथम दृष्टया टैंक में बनी जहरीली गैस को ही मौत का कारण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *