बदायूॅं जनमत। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के निर्देश पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश में व्याप्त भीषण बिजली संकट, अघोषित बिजली कटौती, महंगी बिजली दरों तथा स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत जिलाध्यक्ष भूदेव सिंह के नेतृत्व में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष भूदेव ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में प्रदेश की जनता बिजली संकट से त्रस्त है। अनेक जिलों में 22 से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की घटनाएं सामने आ रही हैं। राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में आम नागरिक, किसान, व्यापारी, छात्र और कर्मचारी अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं। जनता देश की सबसे महंगी बिजली दरें चुकाने के बावजूद पर्याप्त और निर्बाध बिजली नहीं पा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। गांवों और शहरों में घंटों बिजली गुल रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उद्योग, व्यापार, खेती और विद्यार्थियों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि बाराबंकी में बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत प्रदेश की बदहाल बिजली व्यवस्था का दुखद उदाहरण है। इस घटना की उच्चस्तरीय जांच कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं न्याय दिया जाना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अघोषित बिजली कटौती बंद करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली दरों में वृद्धि पर रोक लगाने, स्मार्ट मीटर एवं फर्जी बिलिंग की निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रदेशवासियों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की मांग की। इस मौके पर दिनेश सिंह राठौड़, लाल सिंह कश्यप, आरिफ हुसैन, राकेश सोलंकी, सोनू सागर, मोनू सागर, अरविंद दिवाकर, ओमपाल सिंह यादव, सचिन कुमार, विद्यावती आदि मौजूद रहे।

