स्कूल के कमरे में मिला छात्र का शव; घर से खेलने निकला था कक्षा 5 का छात्र, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। एक निजी स्कूल परिसर में 5वीं कक्षा के छात्र का शव फंदे से लटका मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना इस्लामनगर थाना क्षेत्र के नूरपुर पिनौनी गांव की है। गांव निवासी ओमकार का 12 वर्षीय बेटा रामसरन सोमवार दोपहर करीब दो बजे स्कूल से घर लौटा था। कुछ देर बाद वह खेलने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन शाम तक वापस नहीं आया। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो पास के एक निजी स्कूल के परिसर में उसका शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने तुरंत रामसरन को फंदे से उतारकर डॉक्टर के पास पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिवार के सदस्यों ने आशंका जताई है कि रामसरन की हत्या करने के बाद उसके शव को फंदे पर लटकाया गया है।
बताया गया कि जिस स्कूल भवन में शव मिला है, वह अधूरा है। वहां न तो दरवाजा लगा है और न ही प्लास्टर हुआ है। लिंटर पर प्लास्टर के लिए छोड़ी गई जगह में रस्सी फंसाकर रामसरन का शव लटका हुआ था। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। रामसरन अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
इस्लामनगर एसएचओ उदयवीर सिंह ने बताया कि निजी स्कूल परिसर में एक किशोर का शव फंदे से लटका मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई सीधा आरोप नहीं लगाया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *