बदायूॅं जनमत। शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाइवे पर अलापुर थाना क्षेत्र के उनौला गांव के पास हुआ। युवक शटरिंग का काम करके वापस घर लौट रहा था।
मृतक की पहचान अलापुर थाना क्षेत्र के झंडपुर गांव निवासी 20 वर्षीय सुरदीप के रूप में हुई है। वह अपने साथी गजेंद्र के साथ लिंटर डालने की शटरिंग का काम करता था। दोनों उनौला से काम निपटाकर अपने घर वापस जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, उनौला चौराहे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में सुरदीप और गजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दोनों को तुरंत अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने सुरदीप को मृत घोषित कर दिया। गजेंद्र का इलाज जारी है।
अलापुर के एसएचओ उदयवीर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। हालांकि, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। फिलहाल, मृतक सुरदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

