बदायूं में पिकअप की टक्कर से चाचा-भतीजे की मौत, बाजार से सामान खरीदकर लौटते समय हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। हादसा उसहैत थाना क्षेत्र के कादरचौक-उसहैत रोड स्थित गढ़िया हरदोपट्टी के पास हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उसहैत थाना क्षेत्र के गांव टिकाई पुख्ता निवासी सुमित (21 वर्ष) पुत्र घनेंद्र और उनके भतीजे सुरजीत उर्फ विकास (25 वर्ष) पुत्र जय सिंह उसहैत से बाजार करके अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कादरचौक की ओर से आ रही एक पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर खंती में पलट गया, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया। बाइक सवार चाचा-भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा कर मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई। एक ही मोहल्ले के दो लोगों की मौत से परिवारों में गहरा सदमा है। गांव वालों ने बताया कि विकास की शादी करीब छह साल पहले हुई थी और वह अपने परिवार में इकलौते कमाने वाले थे। उनके निधन के बाद एक बेटे और दो बेटियों के पालन-पोषण की चिंता परिवार को सता रही है।
प्रभारी निरीक्षक अजयपाल सिंह ने बताया कि पिकअप वाहन से बाइक की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *