बदायूं में 51 हजार रुपये नेग के लिए किन्नरों ने सड़क पर किया हंगामा, थाने पहुंचा मामला

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। नेग को लेकर किन्नरों ने सड़क पर जमकर हंगामा किया। हंगामे से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामला थाने तक पहुंचा, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता होने की बात सामने आई है।
बिल्सी नगर के मोहल्ला नंबर पांच निवासी कपिल कुमार ने बताया कि उनके भतीजे चिराग वार्ष्णेय की शादी 16 नवंबर को बबराला क्षेत्र से हुई थी। शनिवार सुबह किन्नर बधाई लेने के लिए उनके घर पहुंचे और कथित तौर पर 51 हजार रुपये की मांग की। परिवार ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, जिस पर किन्नर उनसे भिड़ गए। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर किन्नर गुट सड़क पर आ गया और जमकर हंगामा किया, जिससे राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को थाने ले आई।

पूर्व पालिका अध्यक्ष ने कराया समझौता…

कपिल कुमार ने बताया कि चिराग के पिता अशोक कुमार कैंसर से पीड़ित हैं और उनका इलाज लखनऊ के एक अस्पताल में चल रहा है, जिससे परिवार पहले से ही आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान है। जानकारी मिलने पर पूर्व पालिका अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय और बाबा ग्रुप के मालिक नरेंद्र बाबू वार्ष्णेय थाने पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर आपसी समझौता करा दिया, जिसके बाद मामला शांत हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *