बदायूॅं जनमत। ट्रैक्टर पलटने से कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव कादरबाड़ी निवासी सादरसेन (25 वर्ष) पुत्र तेज खां की मौत हो गई। परिजनों ने तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि जमीन के विवाद में तीन लोगों ने लाठी से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए किसान ने ट्रैक्टर दौड़ाया तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। इसी दौरान ट्रैक्टर गंगा नदी में पलट गया, जिसके नीचे दबकर किसान की मौत हो गई। जिसपर पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम हाउस भेजकर जांच शुरू कर दी।
मृतक के भाई नसीम ने बताया कि उसका कटरी में पचास साल पुराना पट्टा है। गांव के लोग उस पर अवैध कब्जा करना चाह रहे थे। भाई सादरसेन उस जमीन को जोतने के लिए शुक्रवार की शाम करीब सात बजे ट्रैक्टर लेकर गया था। खेत की जोताई करते समय तीन लोग खेत पर पहुंच गए। तीनों हवाई फायरिंग करने लगे। भाई व उसके साथ कामिल, जाहिद, सलीम व अमीन ट्रैक्टर लेकर भागे। इसी दौरान एक आरोपी ने चलते ट्रैक्टर पर भाई को लाठी मारी, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गंगा में पलट गया। दबकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के छोटे-छोटे तीन बच्चे हैं। सादरसेन खेती करके अपने परिवार का पालन पोषण करते आ रहे थे। मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर खराब हाल है।
गांव में शव रखकर परिजनों ने किया हंगामा…
शनिवार दोपहर के बाद सादरसेन का शव जिला मुख्यालय से लेकर परिजन गांव पहुंचे। जहां परिजनों ने गांव के लोगों के साथ घर के सामने रखकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों की मांग है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं हो जाता और पुलिस उनको गिरफ्तार नहीं कर लेती तब तक वह शव दफन नहीं करेंगे।
कार्रवाई के आश्वासन के बाद माने परिजन…
हंगामे की सूचना पर थाना प्रभारी विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट व जांच के आधार जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद परिवार के लोग शांत हुए।
सीओ उझानी देवेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके हिसाब से आगे की विधिक कार्रवाई कराई जाएगी।

