बदायूॅं जनमत। गुरुवार देर शाम कस्बा उसहैत में सड़क हादसा हो गया। जिसमें अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दूध व्यापारी को टक्कर मार दी। जिसमें उसकी मौत हो गई। दूध व्यापारी बाजार से घर लौट रहा था। तभी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। वहीं हादसे की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया।
हादसा कटरासहादतगंज–उसहैत रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ। गुरुवार को गांव दुर्जन नगला निवासी ध्यान पाल (36 वर्ष) पुत्र रूपराम किसी जरूरी काम से उसहैत बाजार गए थे। लौटते समय अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस व परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई हरवीर ने बताया कि ध्यान पाल दूध खरीदने का काम करते थे और खेती-बाड़ी भी संभालते थे।
प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर अजय पाल सिंह ने बताया कि युवक की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

