बदायूं पुलिस लाइन में 35000 दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव पर्व मनाया गया

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। दीपावली के पावन पर्व के शुभ अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा पुलिस लाइन ग्राउण्ड में शहीद स्मारक स्थल पर दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक ढंग से दीपों व रंगोली से सजाया गया तथा 35000 दीप प्रज्वलित कर प्रकाश पर्व दीपावली को हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिन्द जाधव, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी व कर्मचारीगण एवं पुलिस परिवार के सदस्यगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त पुलिस परिवार एवं उनके परिजनों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की गई। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे, सौहार्द एवं सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है, जिसे सभी को मिल-जुलकर हर्षोल्लास के साथ मनाना चाहिए । दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों द्वारा आकर्षक एवं मनमोहक दीपावली रंगोली बनाई गई, जिसकी सभी ने सराहना की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मिठाई वितरित की गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस पेंशनर्स को भी दीपावली के पावन अवसर पर मिठाई वितरित कर शॉल पहनाकर दीपावली की शुभकामनाएँ दी गईं। इस दौरान पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त कर्मियों के प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने एक साथ दीप प्रज्ज्वलित कर दीपावली की खुशियां साझा कीं। सम्पूर्ण पुलिस लाइन परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा तथा उत्सव का वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *