बदायूँ जनमत। डीएम अवनीश राय ने तहसील सहसवान में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जनशिकायतों को सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। संपूर्ण समाधान दिवस में सहसवान निवासी मोमिन, आसिफ जमा, धर्म सिंह, सुरेश, कल्लू, हेतराम, नन्हे आदि ने राजस्व विभाग से सम्बंधित शिकायते की हैं। डीएम ने सम्बंधित अधिकारियों को प्रकरण की जांच सौंपते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए है।
शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि आवश्यक है, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से भी निस्तारण की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक लिया जाता है इसलिए अधिकारी पूरी गंभीरता से कार्य करें।
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 13, पुलिस की 07, विकासखण्ड दहगवां, एसडीओ सहसवान तथा सीडीपीओ की 1-1 शिकायत सहित कुल 23 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 01 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित समस्त विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


