बदायूं में स्कूल जाने को तैयार छात्र छत पर बंदर भगाने पहुंचा, हाईटेंशन लाइन का करंट लगने से हुई मौत

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। छत पर बंदर भगाने गए छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। बताया गया कि छात्र ने बंदर को भगाने के लिए छत पर रखा स्टील का पाइप उठाया, जो हाईटेंशन लाइन से छू गया था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर के रहने वाले विजय प्रताप यादव फौज से सेवानिवृत होकर अब पुलिस में ट्रेनिंग कर रहे हैं। उनके दो बेटे थे। बड़ा बेटा पीयूष यादव कक्षा 11 का छात्र है। छोटा बेटा मयंक यादव (14) कक्षा सात में पढ़ता था। मयंक बुधवार सुबह करीब नौ बजे स्कूल जाने के लिए तैयार हो रहा था, तभी छत पर बंदर आ गए। वह बंदरों को भगाने के लिए छत पर चला गया। उसने बंदरों को भगाने के लिए छत पर रखा स्टील का पाइप उठाया, जो मकान के ऊपर से जा रही हाईटेंशन लाइन के तार से छू गई। जिससे उसको करंट लग गया।
उसकी चीख सुनकर परिवार के लोग छत पर पहुंचे। आनन-फानन उसको निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना नहीं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *