बदायूॅं जनमत। होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन एवं महिला कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ब्लॉक जगत के प्राथमिक विद्यालय कुलचौरा में एक प्रभावी जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं बच्चियों के बीच शिक्षा के महत्व को रेखांकित करना एवं उन्हें जागरूक बनाना रहा।
इस अवसर पर संस्था की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षा की अनिवार्यता, उनके अधिकारों तथा उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन एवं अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग से प्रीति चौहान ने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर (1098) की जानकारी दी तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया। आयोजन में होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन की समस्त टीम एवं विद्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने जागरूकता संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

