बदायूॅं जनमत। कछला-उझानी मार्ग पर दहेमू गांव के पास 31 मार्च की सुबह हुए सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। इस दुर्घटना में एक डबल डेकर बस और बोलेरो कैंपर की टक्कर हुई थी। पहले दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल महेश ने देर रात बरेली में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों में बरेली जिले के आंवला थाना क्षेत्र के नंदगांव निवासी 38 वर्षीय महेश पुत्र झांनन लाल शामिल हैं। वह गंगा एक्सप्रेसवे पर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे और सोमवार सुबह ड्यूटी समाप्त कर अपने साथियों के साथ बोलेरो कैंपर से लौट रहे थे। उनके साथ उझानी कोतवाली क्षेत्र के सामंती नगला मझरा पिपरौल निवासी 41 वर्षीय दिनेश और अलवर (राजस्थान) निवासी 42 वर्षीय हुकुम सिंह भी सवार थे। दहेमू गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार डबल डेकर बस ने बोलेरो कैंपर को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दिनेश और हुकुम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि महेश और एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल महेश को बरेली रेफर किया गया था। वहां इलाज के दौरान देर रात उनकी भी मौत हो गई, जिससे हादसे में मरने वालों की कुल संख्या तीन हो गई है। पुलिस ने महेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

