बदायूं में AI से बने पोस्टर से प्रधान पति को हुई जेल, पुलिस ने क्रिएटर को छोड़ा

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। AI के दौर में एक अजीब मामला सामने आया है। एआई से बने एक पोस्टर को पोस्ट करने पर एक प्रधान पति को जेल हो गई। वहीं पुलिस ने पोस्टर बनाने वाले को देर शाम छोड़ दिया। जिसकी क्षेत्र में चर्चा व्याप्त है।
मामला उसहैत थाना क्षेत्र का है। गांव नौली फतुआबाद के प्रधान पति इकरामुद्दीन ने अपने एक हिन्दू साथी से ईद-उल-अजहा के मौके पर क्षेत्र वासियों को मुबारकबाद देने के लिए एआई से पोस्टर बनवाया था। प्रधान पति के हिन्दू साथी ने एआई के माध्यम से पोस्टर बनाया लेकिन, पोस्टर में एआई ने बकरे के साथ एक गोवंश का भी फोटो लगा दिया। प्रधान पति ने बगैर जांच पड़ताल किए उस पोस्टर को अपनी फेसबुक आईडी से पोस्ट कर दिया।
पोस्टर पोस्ट होते ही राजनीति गर्मा गई और देखते ही देखते कुछ हिन्दू संगठनों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने एक्स हैंडल के माध्यम से भी पोस्टर को शेयर करके कार्रवाई की मांग की। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और प्रधान पति समेत पोस्टर बनाने वाले उनके हिन्दू साथी को पकड़ कर थाने ले आई। थाने में देर रात तक लोगों का जमावड़ा लगा रहा।
उधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पोस्टर बनाने वाले हिन्दू साथी को बेकसूर मानते हुए छोड़ दिया। वहीं प्रधान पति के खिलाफ आईटी एक्ट और धार्मिक भावनाएं आहत करने को लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने प्रधान पति को एसडीएम न्यायालय में पेश किया जहां से एसडीएम ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *