बदायूं में बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत; अंतिम संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। सोमवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। वजीरगंज थाना क्षेत्र के वनकोटा गांव के पास एक रोडवेज बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान सिचौली थाना बिसौली निवासी बबलू पुत्र रामगोपाल के रूप में हुई है। बबलू अपनी बहन कुसुम के साथ बदायूं स्थित ननिहाल में मामा के अंतिम संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे थे। सोमवार शाम करीब 4 बजे वनकोटा गांव के पास पहुंचते ही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। जिस रोडवेज बस ने टक्कर मारी थी, उसी में मृतक बबलू की मां भी सवार थीं। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। बस में सवार लोगों ने जब नीचे उतरकर देखा, तो मां ने अपने बेटे को पहचान लिया। बेटे की मौत की जानकारी मिलते ही मां बदहवास हो गईं।
सूचना मिलने पर वजीरगंज थाना प्रभारी सुरेन्द्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *