बदायूॅं जनमत। सोमवार रात एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी 20 वर्षीय बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है, लेकिन उसका ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
हादसा मुरादाबाद हाईवे पर वजीरगंज थाना क्षेत्र के वनकोटा गांव के पास हुआ। मृतक की पहचान बिसौली कोतवाली क्षेत्र के सिचोली गांव निवासी बबलू यादव (25) पुत्र रामगोपाल के रूप में हुई है। उसकी बहन कुसुम (20) पत्नी नरेंद्र, जो इस्लामनगर की निवासी है, गंभीर रूप से घायल हुई है। बबलू और कुसुम अपने मामा बुधपाल के निधन पर उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने शहर के मोहल्ला मीराजी चौकी आए थे। रात को दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद पास के एक ढाबे पर मौजूद लोगों ने बस की ओर दौड़ लगाई, तो ड्राइवर मौके से भाग निकला। इलाकाई लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को वजीरगंज सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने बबलू को मृत घोषित कर दिया और घायल कुसुम का इलाज शुरू किया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस बस नंबर के आधार पर फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है।

