बदायूॅं जनमत। एचपीसीएल प्लांट के दो अफसरों की हत्या के मामले में मृतक हर्षित मिश्रा के परिजनों का गुस्सा मंगलवार को उस समय फूट पड़ा, जब वे एसएसपी कार्यालय पहुंचे लेकिन उन्हें तत्काल मुलाकात का अवसर नहीं मिला। इससे नाराज परिजनों ने परिसर में हंगामा कर दिया। न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। हर्षित के मामा ने स्थानीय दातागंज विधायक और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।
परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी उन्हें संतोषजनक कार्रवाई का भरोसा नहीं मिल पा रहा है। उनका कहना था कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। हंगामे की सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद देर तक चली बातचीत के बाद परिजनों की एसएसपी अंकिता शर्मा से मुलाकात कराई गई। मुलाकात के दौरान परिजनों ने पूरे घटनाक्रम को विस्तार से बताया और न्याय की मांग दोहराई। एसएसपी अंकिता शर्मा ने उन्हें निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
हर्षित के मामा विकास मिश्रा ने कहा कि उनके भांजे ने पहले ही पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन उसकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया गया। आरोप है कि यहां के स्थानीय विधायक और प्रधान सब मिले हुए हैं। उन्होंने कहा कि योगी जी, मेरे भांजे को न्याय दिलाइए। उन्होंने सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। विकास मिश्रा ने न्याय न मिलने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।

