बदायूॅं जनमत। बिल्सी कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गांव अकौली में एक युवक ने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के बड़े भाई ने मृतक की पत्नी और बहनोई पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
मामले के अनुसार, दुष्यंत ने अपने छोटे भाई विपिन की शादी आठ महीने पहले गोरखपुर के सियापार गांव की रहने वाली अंशू से की थी। शादी में डेढ़ लाख रुपये खर्च किए गए थे। एक महीने पहले अंशू के पिता डीपू उसे अपने घर ले गए थे। विपिन रक्षाबंधन पर 8 अगस्त को ससुराल गया था। वहां उसकी पत्नी अंशू ने कहा कि वह उसके साथ नहीं रहेगी और दूसरी शादी करेगी। इस दौरान मौजूद अंशू के बहनोई सोमवीर ने भी कहा कि वह अंशू की शादी अपने छोटे भाई से करा देगा।
इस घटना के बाद विपिन 10 अगस्त को वापस घर आया और अपने भाई को सारी बात बताई। मानसिक तनाव में आकर विपिन ने 11 अगस्त की रात अपने खेत में चंदन के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार को अंतिम संस्कार के बाद मृतक के भाई ने पत्नी अंशू और बहनोई सोमवीर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





