शहीद नायक अंकुश पटेल को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई, DM-SSP ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश

बदायूँ जनमत। हरियाणा के हिसार में सैन्य युद्धाभ्यास के दौरान हुए टैंक हादसे में वीरगति को प्राप्त हुए जिले के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के ग्राम आमगांव निवासी भारतीय सेना के नायक अंकुश कुमार पटेल पुत्र आदेश पटेल का पार्थिव शरीर सोमवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा। गांव में शहीद जवान को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित हुए। इस दौरान गांव का माहौल गमगीन रहा और लोगों ने नम आंखों से शहीद को अंतिम विदाई दी।
इस अवसर पर डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने शहीद नायक अंकुश कुमार पटेल के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। दोनों अधिकारियों ने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति सहानुभूति प्रकट की।
अंतिम विदाई के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, सैन्य जवानों तथा क्षेत्रीय नागरिकों ने भी शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। सभी ने देश की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवान के बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद किया।
नायक अंकुश कुमार पटेल के बलिदान से जनपद में शोक की लहर है। उनका देश के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा सदैव स्मरणीय रहेगी। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर श्री सांई आश्रित शाखमुरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

शहीद को पुष्पचक्र अर्पित करते हुए डीएम अवनीश राय : जनमत एक्सप्रेस। 9997667313

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *