शहीद अंकुश पटेल के बलिदान को सांसद धर्मेन्द्र यादव ने किया नमन, पिता से फोन पर बात कर बंधाया ढांढस

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। जिले के ग्राम आमगांव निवासी भारतीय सेना के वीर जवान नायक अंकुश पटेल का पार्थिव शरीर आज उनके पैतृक गांव पहुंचा। देश की सेवा करते हुए कर्तव्य पालन के दौरान उनका वीरगति को प्राप्त होना पूरे जनपद के लिए अत्यंत दुःखद और अपूरणीय क्षति है। अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए गांव और आसपास के क्षेत्र में शोकाकुल लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, मुख्य सचेतक, लोक लेखा समिति के सदस्य एवं सांसद धर्मेन्द्र यादव ने शहीद अंकुश पटेल के पिता आदेश सिंह से दूरभाष पर वार्ता कर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिवार का हाल जाना और इस कठिन समय में परिजनों को ढांढस बंधाया।
धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि “मातृभूमि की सेवा में समर्पित वीर जवान अंकुश पटेल का जाना अत्यंत पीड़ादायक है। देश की रक्षा और सम्मान के लिए सैनिकों का समर्पण और त्याग हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। बदायूं ने अपना एक बहादुर बेटा खोया है। उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशप्रेम को हमेशा याद रखा जाएगा।”
उन्होंने कहा कि शहीद के परिवार का दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। इस अपार दुःख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। सांसद धर्मेन्द्र यादव ने वीर जवान अंकुश पटेल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सपा नेता व सांसद धर्मेंद्र यादव : जनमत एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *