बदायूं में फलाह-ए-आम चैरिटेबल क्लिनिक का शुभारंभ, मरीजों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं

स्वास्थ्य

बदायूँ जनमत। समाज के जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश फलाह-ए-आम सोसाइटी की ओर से फलाह-ए-आम चैरिटेबल क्लिनिक का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन फलाह-ए-आम सोसाइटी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मौलाना ज़मीर उल हसन फलाही एवं सचिव सय्यद वहाब उद्दीन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंदों के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं मानवीय कदम बताया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. इत्तेहाद आलम ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं हर व्यक्ति की बुनियादी जरूरत हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण किसी भी व्यक्ति को इलाज से वंचित नहीं रहना चाहिए।
सिराज साहब ने कहा कि समाज की वास्तविक तरक्की तभी संभव है, जब समाज के जरूरतमंद लोगों की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी जरूरतों का ध्यान रखा जाए। फलाह-ए-आम चैरिटेबल क्लिनिक इसी दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।
अभिषेक अनंत ने कहा कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंदों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस तरह के प्रयासों में हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
डॉ. संजीदा आलम ने कहा कि महिलाओं, बच्चों और परिवारों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। समय पर जांच, सही परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता से कई गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है। क्लिनिक के माध्यम से जरूरतमंदों को स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन मिलना सराहनीय पहल है।
वीरेंद्र जाटव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा किसी जाति, धर्म या वर्ग की सीमा में बंधी हुई नहीं है। मानवता की सेवा सबसे बड़ा धर्म है। ऐसे संस्थानों को समाज के सभी लोगों का सहयोग मिलना चाहिए। सलीम उद्दीन एडवोकेट ने कहा कि समाजसेवी संस्थाओं की जिम्मेदारी केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि जनहित में निरंतर काम करना भी है। चैरिटेबल क्लिनिक की स्थापना एक सकारात्मक पहल है, जिसे निरंतर आगे बढ़ाने की जरूरत है।
रफीकुज्जमा ने कहा कि जरूरतमंदों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना पुण्य और इंसानियत का कार्य है। इस नेक उद्देश्य में समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग करना चाहिए। आक़िल खान ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य भी समाज के विकास का महत्वपूर्ण आधार है। स्वस्थ समाज ही शिक्षित और जागरूक समाज का निर्माण कर सकता है। इस क्लिनिक से आम लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है। वाकिफ हुसैन ने कहा कि फलाह-ए-आम सोसाइटी ने चैरिटेबल क्लिनिक के माध्यम से समाज सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसे सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और सहयोगियों को मिलकर निरंतर प्रयास करना चाहिए।
मौलाना ज़मीर उल हसन फलाही ने अपने संबोधन में कहा कि फलाह-ए-आम सोसाइटी का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। चैरिटेबल क्लिनिक की स्थापना इसी सोच का परिणाम है। हमारी कोशिश रहेगी कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलें। उन्होंने सभी सहयोगियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए इस नेक कार्य में अधिक से अधिक लोगों से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुहम्मद शादाब, सरफराज अब्बासी, रियाज़ अहमद, इम्तियाज़ अहमद, महताब सर, सुबोध यादव, गौरव प्रजापति, डॉक्टर विकास भघेल, जावेद, ज़िया उद्दीन और मुहम्मद सलमान सहित अन्य साथियों का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम में विचार रखते हुए अतिथि : जनमत एक्सप्रेस। 9997667313

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *