बदायूँ जनमत। राजकीय मेडिकल कॉलेज में “स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान” का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलने वाले स्वास्थ्य पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में प्रारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य जनपद की किशोरियों एवं महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर उन्हें सशक्त बनाना है।
अभियान के पहले दिन ही एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें 283 लाभार्थियों ने भाग लिया। जिसमें स्त्री एवं प्रसूति विभाग में कुल 25 मरीजों में एनीमिया जांच, प्रसव पूर्व देखभाल, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जांच एवं परिवार नियोजन परामर्श, सर्जरी विभाग – 25 महिलाओं की स्तन कैंसर जांच, टीबी एवं चेस्ट विभाग – 26 रोगियों की टीबी जांच, मेडिसिन विभाग – 36 उच्च रक्तचाप व 08 मधुमेह की जांच, दंत विभाग – 16 ओरल कैंसर स्क्रीनिंग, नेत्र विभाग – 71 नेत्र संबंधी जांच व परामर्श, चर्म रोग विभाग – त्वचा संबंधी समस्याओं की जांच, बाल रोग विभाग – 13 बच्चों का टीकाकरण, मानसिक रोग विभाग – 18 मरीजों की जांच, रक्तदान केंद्र – 39 यूनिट स्वैच्छिक रक्तदान, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग – 45 लोगों में दैनिक आहार एवं पोषण संबंधी जागरूकता आदि विभिन्न विभागों द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं।
इस अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि “स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार एवं सशक्त समाज की नींव है। इस अभियान के माध्यम से हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि जिले की प्रत्येक किशोरी और महिला को समय पर उचित स्वास्थ्य सेवाएं और परामर्श उपलब्ध हो। यह प्रयास प्रधानमंत्री के ‘सशक्त भारत – विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में हमारा योगदान है।”
इस दौरान उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रितुज अग्रवाल सहित सभी विभागाध्यक्षों, चिकित्सकों व स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही।

