बदायूॅं जनमत। राजकीय महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के नवीन सत्र के शुभारंभ के अवसर पर उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या महोदया डॉ वंदना ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं है, बल्कि यह छात्राओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ अर्चना पांडेय एवं डॉ बृजेश कुमार ने स्वयं सेविकाओं को राष्ट्रीय सेवा योजना की रूपरेखा, उद्देश्यों एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी। पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ भावना सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार NSS छात्राओं के व्यक्तित्व विकास एवं समाज के प्रति संवेदनशीलता को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने छात्राओं को विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ ऋषभ भारद्वाज ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से आगामी वर्ष में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। इसमें स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियां तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियानों जैसी विविध गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लेकर उत्साह और जोश का प्रदर्शन किया। सभी ने समाज सेवा की दिशा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

