बदायूॅं जनमत। बेकाबू डीसीएम ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ससुर और दामाद की मौत हो गई। जबकि एक किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ड्राइवर डीसीएम छोड़कर भाग निकला। हादसा उघैती थाना क्षेत्र के चाचीपुर में हुआ है।
ईखखेड़ा निवासी गौतम (30) पुत्र चिरंजीव के घर का लिंटर पड़ रहा था। लिंटर पड़ने के बाद वह मिठाई देने बिल्सी थाना क्षेत्र के बेहटा गुसाईं गांव अपनी ससुराल जाने के लिए निकला था। वहां तकरीबन दो घंटे रुकने के बाद वापस ससुर रामदीप व साली बबली को लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में बिजनौर हाईवे पर डीसीएम ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डाक्टर ने ससुर-दामाद को मृृत घोषित कर दिया। जबकि घायल बबली को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों ने बताया कि गौतम की शादी तीन साल पहले बेहटा गुसाईं गांव की राधा के साथ हुई थी। उसके डेढ़ साल का बेटा है। उसकी मौत के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। कच्ची गृहस्थी छोड़कर जाने का मलाल हर शख्स को है। एसएचओ उघैती सुरेंद्र सिंह ने बताया कि डीसीएम को कब्जे में ले लिया है। ड्राइवर हाथ नहीं लगा है। उसकी तलाश जारी है। जल्द ही ड्राइवर भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

