राजकीय मेडिकल कॉलेज में विश्व स्वास्थ्य दिवस का आयोजन, बच्चों ने बनाए पोस्टर

स्वास्थ्य

बदायूॅं जनमत‌। राजकीय मेडिकल कॉलेज के ओपीडी प्रांगण में विश्व स्वास्थ्य दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य वैश्विक स्वास्थ्य मुद्दों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम का आयोजन नर्सिंग कॉलेज द्वारा अत्यंत उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार एवं नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. श्रीनिवासन के स्वागत भाषण से हुआ, जिसके पश्चात कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन की स्थापना के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य एवं कल्याण के महत्व को रेखांकित करते हुए छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, पोस्टर प्रतियोगिता तथा भूमिका-निर्वाह (रोल प्ले) जैसी रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियां प्रमुख रहीं। आयोजन निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने में नर्सों की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करने में सफल रहा।
कार्यक्रम का संचालन नर्सिंग कॉलेज की नर्सिंग ट्यूटर सोनी सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर सभी संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *