बदायूॅं जनमत। उसहैत थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिस पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं घायलों के परिजनों को सूचना दी गई है।
उसहैत थाना क्षेत्र के म्याऊं रोड पर गांव मिर्जापुर के पास दो बाइकों में आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। जानकारी के अनुसार, कस्बा उसहैत के वार्ड संख्या सात निवासी अनीस पुत्र अजमेरी, शानू पुत्र शमीम म्याऊं की ओर जा रहे थे। वहीं गांव सरनमई निवासी यशराम (22 वर्ष) पुत्र दुर्गपाल अपनी ननिहाल बमनी (जगत) से अपने गांव लौट रहा था।
बताया जा रहा है दोनों बाइकें तेज रफ्तार पर थीं। संतुलन बिगड़ने पर दोनों बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। जिसमें तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं सूचना पर पहुंची उसहैत पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घायलों का उपचार चल रहा है। घायल यशराम की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। उसहैत थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि घायलों के परिजनों को सूचना दी गई है।

