बदायूं में किराना व्यापारी से 13.86 लाख की लूट; मदद के बहाने तमंचा दिखाकर दिया घटना को अंजाम

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। रविवार रात बदमाशों ने तमंचा दिखाकर किराना व्यापारी से 13 लाख 86 हजार 500 रुपए लूट लिए गए। बिल्सी थाना क्षेत्र के हैवतपुर गांव के पास बदमाशों ने पहले व्यापारी की बाइक में कार से टक्कर मारी। इसके बाद मदद के बहाने तमंचा दिखाकर रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भतरी गोवर्धनपुर निवासी सिद्धान्त शर्मा पुत्र मुकेश शर्मा किराना का कारोबार करते हैं। वह गाजियाबाद की किराना मंडी से सामान मंगाकर बिल्सी, बिसौली, बदायूं, आंवला और आसपास के क्षेत्रों में थोक और फुटकर बिक्री करते हैं। रविवार को वह अपाचे बाइक से व्यापारियों से बकाया रकम लेने निकले थे। दिनभर में उन्होंने अलग-अलग व्यापारियों से 13 लाख 86 हजार 500 रुपए जुटाए थे।
सिद्धान्त के मुताबिक, रात करीब 8 बजे वह हैवतपुर गांव से लगभग एक किलोमीटर आगे पहुंचे थे। तभी पीछे से आई सफेद कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह बाइक समेत खेत में गिरकर घायल हो गए। इसी दौरान हैवतपुर की ओर से बाइक पर आए दो लोगों ने मदद के बहाने उन्हें तमंचा दिखाया और कच्चे रास्ते से करीब 200 मीटर दूर ले गए। इसके बाद रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बदमाश व्यापारी का मोबाइल और पर्स भी ले गए। पर्स में 11 हजार रुपए और हिसाब-किताब के कागजात थे।
सोमवार को एसएसपी अंकिता शर्मा, एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया और सीओ आलोक सिद्धू ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कोतवाली पुलिस को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस : जनमत एक्सप्रेस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *