बदायूॅं जनमत। डीजे संचालक को गोली मारने के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही से लाइसेंसी बंदूक भी बरामद की है। इसके बाद लाइसेंस के निरस्तीकरण की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। घायल डीजे संचालक की हालत स्थिर बनी हुई है। आरोपी युवक आजाद समाज पार्टी का प्रदेश सचिव है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के मोहल्ला मीरा सराय निवासी अजय (25 वर्ष) पुत्र वीरेंद्र पाल सिंह डीजे व डेकोरेशन का काम करता है। 13 अगस्त की रात अजय डीजे का नया सिस्टम लेकर आया था। वह डीजे सिस्टम को बजाकर चेक कर रहा था। इसी बीच पड़ोस का रहने वाला आजाद समाज पार्टी का प्रदेश सचिव सुमित उर्फ समीर सागर वहां आ गया। उसने डीजे बजाने का विरोध जताया। इस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद सुमित व उसके परिजनों ने अजय के साथ मारपीट की। इसके चलते अजय ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। 14 अगस्त की रात अजय घर के दरवाजे पर खड़ा था। इसी बीच सुमित अपने पिता रामेश्वर दयाल की लाइसेंसी बंदूक लेकर आ गया। उसने अजय के सीने में बंदूक से गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने देर रात ही आरोपी को हिरासत में ले लिया था।
सिविल लाइंस इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि अभियुक्त के पिता के नाम पर बंदूक का लाइसेंस है। लाइसेंस को निरस्त कराने के लिए डीएम को पत्र को भेजा जाएगा।





