बदायूॅं जनमत। पुलिस कस्टडी में शुक्रवार देर शाम एक युवक की मौत हो गई। पुलिस उसे गुरुवार रात मारपीट के मामले में थाने लेकर आई थी। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामला दातागंज कोतवाली क्षेत्र के अटसेना गांव का है। गुरुवार को गांव के एक धर्मस्थल पर भंडारा चल रहा था। यहां डीजे भी बज रहा था। इसी दौरान गांव का अजीत वहां पहुंचा और डीजे पर गाना बदलने लगा। इसी बात को लेकर उसका ह्रदेश से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर अजीत की तरफ से रघुवीर, धर्मवीर और पप्पू भी ह्रदेश से झगड़ने लगे। बीच-बचाव करने आए ह्रदेश के भाई राजेश (26) के साथ भी मारपीट की गई। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। मारपीट में राजेश, ह्रदेश और दूसरे पक्ष के रघुवीर व धर्मवीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस राजेश और धर्मवीर को थाने ले आई थी।
शुक्रवार शाम करीब 4 बजे पुलिस ने धर्मवीर को छोड़ दिया। राजेश को थाने में ही रखा गया था। इसी दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। सीएचसी के डॉक्टरों ने राजेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर होगी।

