बदायूॅं जनमत। सोमवार शाम एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पिकअप चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
हादसा अलापुर थाना क्षेत्र के एमएफ हाईवे पर रामलीला मैदान के सामने हुआ। थाना क्षेत्र के म्याऊं निवासी विनोद पुत्र छोटेलाल सोमवार को किसी काम से अलापुर गए थे। काम निपटाने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। रामलीला मैदान के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद पिकअप चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने बताया कि पिकअप वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

