बदायूॅं जनमत। जिले से गंगा जल लेने हरिद्वार जा रहे कांवड़ियों की बाइक मुरादाबाद में ट्रक से टकरा गई। हादसे में दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका उपचार मुरादाबाद के एक अस्पताल में चल रहा है।
उसावां कस्बे के वार्ड सात निवासी अभिषेक वाल्मीकि (20 वर्ष) पुत्र मनोज अपने दो साथियों पवन और ब्रजेश के साथ हरिद्वार से गंगा जल लाने शुक्रवार की शाम छह बजे बाइकों से जा रहे थे। अभिषेक की बाइक मुरादाबाद में ट्रक से टकरा गई, जिससे तीनों युवक घायल हो गए। कांवड़ ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां पर अभिषेक व पवन को मृत घोषित कर दिया।
ब्रजेश का उपचार मुरादाबाद में ही इलाज चल रहा है। अभिषेक वाल्मीकि उसावां कस्बे के वार्ड सात का निवासी था, जबकि पवन (18) उसका रिश्तेदार था, जो हरदोई के शाहबाद का रहने वाला था। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

