बदायूॅं जनमत। शुक्रवार शाम फोन पर बात करते हुए घर से निकले युवक का शव शनिवार सुबह गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला। परिजन उसे रात भर तलाशते रहे लेकिन उसका कोई पता नहीं मिला। सुबह पेड़ पर शव लटका होने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मामला उसहैत थाना क्षेत्र के गांव अझरऊ का है। गांव निवासी जीशान (21 वर्ष) पुत्र नत्थू शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे किसी का फोन आने के बाद घर से निकला था। देर शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रातभर तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह करीब छह बजे परिजन दोबारा युवक की तलाश में निकले। गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर जंगल में चंदनिया के पेड़ पर जीशान का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जीशान ने आत्महत्या क्यों की.? ऐसे कई सवालों के जबाब अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल परिजन इसे हत्या के नजरिए से ही देख रहे हैं।
उधर, थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया था, जिसमें फंदे से दम घुटने से मौत होना बताया गया है। लेकिन ज़ीशान ने आत्महत्या क्यों की इसी जांच की जा रही है। उसका मोबाइल फोन भी जांच को भेजा जाएगा।

