ब्लूमिंगडेल स्कूल में 80वॉ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

शिक्षा

बदायूँ जनमत। ब्लूमिंगडेल स्कूल में 80वॉ स्वतंत्रता दिवस अत्यंत ही हर्षोल्लास से मनाया गया। इस सुअवसर पर विद्यार्थियों द्वारा अनेक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का शुभारम्भ स्कूल प्रबंधन के कर-कमलों द्वारा ध्वजारोहण एवं माँ सरस्वती व देश के महान बलिदानियों की प्रतिमा के सम्मुख पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम की छटा का प्रस्तुतिकरण किया गया, जिसमें देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत देशभक्ति गीत, नृत्य, काव्यपाठ, एकांकी एवं भाषण आदि शामिल रहे। जहाँ एक ओर बच्चों ने अपने अभिनय एवं सुमधुर आवाज से सभी को भाव-विभोर कर दिया वहीं दूसरी ओर बच्चों ने स्वतंत्रता प्राप्ति के संघर्ष व अनेक महापुरूषों के बलिदान की गाथा को अपने विचाराभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस मौके पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा ड्रिल, परेड आदि का भी मनमोहक प्रस्तुतिकरण किया गया।
इस अवसर पर स्कूल अध्यक्षा पम्मी मेंहदीरत्ता ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश के प्रति किसी न किसी रूप में समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया एवं स्वतंत्रता प्राप्ति के मार्ग में आने वाली कठिनाइयों के विषय में भी अवगत कराया, उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी देश का एक जिम्मेदार नागरिक है, उनमें अनुशासन, संस्कार एवं राष्ट्र प्रेम की भावना विकसित करना हम सभी का दायित्व है। इस मौके पर प्रधानाचार्य संजीव सिंह राठौर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस न केवल उत्सव मनाने का दिन है बल्कि उन महान देशभक्तों को स्मरण व नमन करने का अवसर है, जिन्होंने राष्ट्र की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने देश को शिक्षा, संस्कार एवं सकारात्मक सोच के माध्यम से और अधिक सशक्त बनाएगें।
स्कूल निदेशक ज्योति मेंहदीरत्ता, मैनेजिंग हेड ईशान मेंहदीरत्ता व श्वेता मेंहदीरत्ता ने समस्त उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को बधाई दी एवं अपने सम्बोधन में राष्ट्रहितों के प्रति जागरूकता एवं कर्तव्यों के लिये प्रेरित किया। इस मौके पर उपप्रधानाचार्य परशुराम मिश्रा, कॉर्डिनेटर अंजला सोनी, प्रदीप बत्तरा, मृणाल सक्सेना, सुषमा वर्मा, रश्मि रावत, सबा फैयाज, एनसीसी लेफ्टिनेंट अपर्णा यादव एवं समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *