बदायूॅं जनमत। बाजार कर वापस गांव लौट रही बुजुर्ग महिला की ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद भीड़ ने चालक को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। पुलिस की मशक्कत के बाद चालक को सकुशल थाने ले जाया गया। वहीं भीड़ ने ट्रक को छतिग्रस्त करने का भी प्रयास किया गया। उधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना कस्बा उसहैत के हनुमान मंदिर के निकट हुई। थाना क्षेत्र के गांव पृथ्वी नगला निवासी लक्ष्मी (65 वर्ष) पत्नी जगन्नाथ उसहैत के साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने आई थी। खरीदारी करने के बाद वह पैदल अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान वह हनुमान मंदिर के निकट वह एक ट्रक के पहिए के नीचे आ गई। ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से उतर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक माह पहले मृतका के पति जगन्नाथ की भी मौत हो चुकी है।
पुलिस की सतर्कता ने डॉक्टर जैसी घटना बचाई…
हादसे के बाद अलापुर क्षेत्र में हुई डॉक्टर के साथ बर्बरता जैसी घटना घटित होने के आसार बन गए थे। भीड़ ने पुलिस के कब्जे से ट्रक चालक को छुड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसी बीच सब इंस्पेक्टर संजय सिंह और कांस्टेबल रवि ने भीड़ से मुचैटा लेकर ट्रक चालक कब्जे में लेकर किस तरह थाने पहुंचाया।
ट्रक चालक ने बताया…
ट्रक चालक अभिषेक यादव ने बताया कि वह जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज का निवासी है। वह कल ट्रक (संख्या – UP 76 K 7901) में मक्का लादकर कायमगंज से शाहजहांपुर जिले के तिलहर गया था। आज शनिवार को वापस लौट रहा था। उसने बताया कि वह हनुमान मंदिर के पास नाश्ता करने रुका था। नाश्ता करने के बाद उसने चलने के लिए जैसे ही ट्रक आगे बढ़ाया इसी दौरान वृद्ध महिला ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गई।
उधर, थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि ट्रक चालक पुलिस की हिरासत में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





