बदायूॅं जनमत। जिले के एक गांव में तालाब पाटने के लिए जेसीबी से मिट्टी की खोदाई की जा रही थी। जेसीबी से टीले को गिराया जा रहा था। दावा किया जा रहा है कि खोदाई के दौरान टीले से चांदी के बहुत पुराने सिक्के मिले हैं। यह देख वहां मौजूद ग्रामीणों में लूट मच गई। यह देख जेसीबी चालक उतरा और ग्रामीणों से सिक्कों को लेकर उलझ गया। आरोप है कि ग्रामीणों और चालक में मारपीट भी हो गई। बाद में पुलिस को बिना बताए ही मामले को रफादफा कर लिया गया। दावा किया जा रहा है कि ये सिक्के तुगलक कालीन हैं।
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव आसपुर में लोगों ने बताया कि गांव के बाहर बहुत पुराना टीला है। यहां अक्सर बच्चे व गांव के लोग खेलते रहते हैं। शुक्रवार को टीले के पास मिट्टी का खनन किया जा रहा था। अपराह्न करीब एक बजे जेसीबी चालक ने एक बड़े टीले पर जेसीबी चला दी। उससे चांदी के सिक्के निकल पड़े। ये सिक्के तुगलक कालीन बताए जा रहे हैं।
सिक्के निकलते ही बच्चे व वहां मौजूद लोग दौड़ पड़े। जिसके हाथ जितने आए वह लेकर घर भाग गया। करीब दो सौ चांदी के सिक्के निकलने की बात कही जा रही है। मारपीट से लेकर खनन होने की बात पुलिस को नहीं बताई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर इस पर ध्यान दिया जाए तो पुरातत्व विभाग यहां आकर खोदाई करा सकता है। सीओ दातागंज केके तिवारी ने बताया कि पुलिस को ऐसे किसी मामले की जानकारी नहीं है।

