बदायूॅं जनमत। दो बाइकों में जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें एक बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार बच्चे समेत तीन घायल हुए हैं। वहीं क्षतिग्रस्त वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
उसहैत थाना क्षेत्र के ग्राम रिजोला निवासी शिक्षामित्र देवेन्द्र मिश्रा (55) पुत्र रामशंकर मिश्रा आज बुधवार की सुबह अपनी बाइक से पास के ही गांव दलेलनगर स्थित प्राथमिक स्कूल में बच्चों को पढ़ाने जा रहे थे तभी पीछे से तेज रफ्तार से आ रही दूसरी बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। दूसरी बाइक पर उसहैत थाना के ग्राम सरेली निवासी सियाराम, उनकी पत्नी श्यामा व उनका रिश्तेदार आशीष सवार थे। बाइकों की जबरजस्त टक्कर में देवेंद्र मिश्रा बुरी तरह घायल हो गए और सियाराम, श्यामा, आशीष और एक वर्षीय बच्चा भी घायल हो गया। राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को म्याऊं अस्पताल भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने देवेन्द्र मिश्रा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उनकी हालत चिंताजनक होने पर डॉक्टरों ने बरेली रेफर कर दिया। जहां देवेंद्र मिश्रा की मौत हो गई।
उसहैत थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना थाना पुलिस को मिली थी। जब पुलिस वहां पहुंची तब तक उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। थाना पुलिस दोनो छतिग्रस्त वाहनों को थाने ले आई है।