बदायूं सड़क हादसे में 10वीं की परीक्षा देकर लौट रहे छात्र की मौत, दूसरा साथी गंभीर घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। उघैती थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाईस्कूल की परीक्षा देकर लौट रहे एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12:15 बजे ग्राम बाला किशनपुर के निकट मेन रोड (बिसौली-सहसवान मार्ग) पर दो स्कूली छात्र मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। दोनों छात्र ग्राम ईखखेड़ा इंटर कॉलेज से कक्षा दसवीं की परीक्षा देकर वापस आ रहे थे। मृतक की पहचान सुरजीत (16 वर्ष) पुत्र मदनलाल निवासी ग्राम दीनापुर, थाना मुजरिया के रूप में हुई है। वहीं घायल छात्र रविंद्र पुत्र छंगे निवासी ग्राम दीनापुर, थाना मुजरिया बताया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस 108 की सहायता से घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। घायल रविंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं सुरजीत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक उघैती ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *