बदायूॅं जनमत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित और महत्वाकांक्षी गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण बुधवार को हरदोई से किया। इस ऐतिहासिक परियोजना के शुरू होते ही बदायूं जनपद, प्रदेश के विकास मानचित्र पर नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ता नजर आएगा। इससे लखनऊ, मेरठ व प्रयागराज का सफर आसान हो जाएगा। ढाई घंटे में लखनऊ तो चार से पांच घंटे में प्रयागराज का सफर तय हो सकेगा। एक्सप्रेसवे पर 125 किलोमीटर की अधिकतम रफ्तार पर वाहन फर्राटा भर सकेंगे।
करीब 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मेरठ जनपद के बिजौली गांव से प्रारंभ होकर प्रयागराज के जुडापुर दादू तक जाएगा और प्रदेश के 12 जिलों को आपस में जोड़ेगा। इनमें बदायूं एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में उभरकर सामने आया है। जनपद बदायूं में एक्सप्रेसवे की लंबाई लगभग 92 किलोमीटर निर्धारित की गई है, जो संभल की दिशा से बिसौली तहसील के ग्राम व्योर कासिमाबाद से प्रवेश कर दातागंज तहसील के ग्राम खानपुर पंचशाला तक पहुंचेगा। यह मार्ग जिले को प्रदेश के प्रमुख आर्थिक और प्रशासनिक केंद्रों से सीधे जोड़ेगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए जनपद में लगभग 1200 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की गई है। इससे 85 गांव व 195 मजरे सीधे जुड़े हैं। एक्सप्रेसवे के दायरे में जिले की चार प्रमुख तहसीलें बदायूं, बिसौली, बिल्सी और दातागंज आ रही हैं। परियोजना के अंतर्गत बदायूं में रामगंगा नदी पर 720 मीटर लंबा विशाल सेतु तैयार किया गया है। यह पुल न केवल तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि क्षेत्रीय आवागमन को सुगम बनाने में भी मील का पत्थर साबित होगा।

