बदायूॅं जनमत। नगर पंचायत उसावां में प्लम्बर के पद पर तैनात राजेश कुमार राठौर ने चेयरमैन के भतीजे धर्मेन्द्र कुमार सिंह पर मारपीट करने और उनकी पत्नी के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया है। पीड़ित राजेश कुमार राठौर की पत्नी रूबी ने बताया कि उनका पति अपने काम की सैलरी लेने नगर पालिका गया था। इसी दौरान धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने उनसे एक हजार रुपये रिश्वत की मांग की। जब राजेश ने पैसे देने से इंकार किया, तो धर्मेन्द्र सिंह ने उन्हें बुरी तरह पीट दिया।
रूबी ने बताया कि जब उन्होंने अपने पति को बचाने की कोशिश की तो धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने उनके साथ गाली-गलौच, अश्लील हरकतें कीं और उनके कपड़े फाड़ दिए। पीड़ित पक्ष ने उसावां थाना पुलिस को तहरीर सौंपकर न्याय की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन प्रशासन मौन बना हुआ है।
इस मामले में चेयरमैन प्रियंका सिंह के पति अनिल कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जो भी आरोप नगर पंचायत कर्मचारी और उनकी पत्नी द्वारा लगाए जा रहे हैं। वह बिल्कुल असत्य व निराधार है। जिसकी निष्पक्षता से जांच कर ली जाए।


