दर्दनाक हादसा; बिलासपुर में बस की छत पर गिरा भूस्खलन का मलबा, 18 लोगों की मौत

राष्ट्रीय

हिमाचल जनमत। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में मरोतन से घुमारवीं जा रही संतोषी निजी बस पर शुक्र खड्ड के किनारे बरठीं में भल्लू पुल के पास पहाड़ी से भूस्खलन का मलबा गिर गया। मलबा गिरने से बस की छत उड़कर खड्ड के किनारे जा पहुंची। वहीं सारा मलबा बस पर आ गया। जिससे बस पूरी तरह मलबे की चपेट में आ गई। खबर लिखे जाने तक बस के अंदर से अभी तक 18 शव निकाले गए हैं। दो बच्चियों और एक बच्चे को सुरक्षित निकाला गया है। इनमें से एक बच्ची की मां दुर्घटना में मारी गई है। बेटियों का प्रारंभिक उपचार बरठीं अस्पताल में चला हुआ है।

बस में सवार थे 35 यात्री…

बताया जा रहा है कि करीब 35 लोग बस में सवार थे। घटना करीब साढ़े छह बजे हुई है। बस में मरोतन बरठीं, घुमारवीं और बीच के स्टेशनों के लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि बस में 35 के करीब सवारियां थी। चालक और परिचालक की मौत हो चुकी है। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
दुर्घटनाग्रस्त पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री निरंतर जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों को तुरंत उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया जाए और उनके इलाज की पूरी व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री शिमला से पूरे हालात की लगातार निगरानी कर रहे हैं।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख…

एक्स पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लिखा, हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *