गंगा में मिला रेलवे कर्मचारी का शव; आठ दिन से था लापता, पुलिस कर रही थी तलाश

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। आठ दिन से लापता रेलवे के एक निजी कर्मचारी का शव आज दोपहर गंगा नदी से बरामद हुआ। कर्मचारी कासगंज जिले का निवासी था। पुलिस और गोताखोर कई दिनों से उसकी तलाश कर रहे थे। युवक की गुमशुदगी भी दर्ज की गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कासगंज जिले के थाना सोरों क्षेत्र के गांव मानपुर नगरिया निवासी अरविंद (19) पुत्र यादराम रेलवे में निजी कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था। उसके भाई राकेश ने बताया कि अरविंद 19 दिसंबर की रात करीब 10 बजे बदायूं के कछला ब्रिज स्टेशन पर ड्यूटी के लिए घर से निकला था। उसके साथ रेलवे का स्थायी कर्मचारी मदनपाल भी था। अगले दिन सुबह 4:30 बजे उसे घर लौटना था, लेकिन वह नहीं पहुंचा। परिवार वालों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इस बीच, रेलवे की जीपीएस डिवाइस लगातार उसकी लोकेशन कछला गंगा पर बने पुल पर दिखा रही थी। इसके बाद पुलिस ने गंगा नदी में उसकी तलाश शुरू की, जिसके परिणामस्वरूप आज उसका शव बरामद हुआ।
उझानी के एसएचओ प्रवीण कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मृतक अरविंद का फाइल फोटो : जनमत एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *