बदायूॅं जनमत। प्रेम प्रसंग के शक में फुफेरे भाई ने ममेरे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि युवक के अपनी ही फुफेरे भाई की बेटी (रिश्ते की भतीजी) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने शव को जिला मुख्यालय की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव रहमुद्दीनगर का रहने वाला युवक अपनी बुआ के घर उसहैत थाना क्षेत्र के एक गांव पहुंचा था। वहां फुफेरे भाई की बेटी को मोबाइल देकर वह घर लौट रहा था कि प्रेम प्रसंग के शक में भाई व फूफा समेत पांच लोगों ने उसे रास्ते में घेर लिया और लाठी डंडों से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने जांच शुरू की है।
पांच लोगों पर घेरकर मारने का आरोप…
मृतक की मां कन्यावती ने बताया कि उसकी ननद उसहैत थाना क्षेत्र के एक गांव में है। उसका बेटा कमल किशोर शनिवार को बुआ के घर गया था। वहां उसके भांजे ने बेटी के साथ प्रेम प्रसंग का आरोप लगाकर बेटे के साथ मारपीट की। बेटा घर से भागा तो रास्ते में पांच लोगों ने घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटा और जहर का इंजेक्शन लगाकर मार दिया। मां का कहना है कि आज तक किसी रिश्तेदार न उनको प्रेम प्रसंग के बारे में हमें नहीं बताया। जब बेटा रिश्तेदारी में गया तो गलत आरोप लगाकर बेटे को मार दिया।
फुफेरे भाई की बेटी को दे रहा था मोबाइल…
उसहैत थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह का कहना है कि घटना की सूचना पर वह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे थे। लोगों से पूछताछ में सामने आया कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव रहमुद्दीनगर का रहने वाला 18 वर्षीय युवक कमल किशोर देर शाम को अपनी बुआ के घर आया था। युवक अपने फुफेरे भाई की बेटी को मोबाइल दे रहा था। यह नजारा उसके फुफेरे भाई ने देख लिया। इसके बाद युवक घर से निकलकर भाग गया।
बताया गया कि इसके बाद परिवार के लोग लाठी-डंडे लेकर उसके पीछे दौड़ पड़े। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर जाकर परिवार के लोगों ने उसको पकड़ लिया और मारपीट कर दी। इधर, किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस की गाड़ी आते देख आरोपी उसको छोड़कर भाग गए। पुलिस उसको जिला अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर युवक के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

उधर, देर शाम सीओ उझानी देवेन्द्र सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया, वहीं एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि थाना पुलिस को मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

