बदायूॅं जनमत। उसहैत थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया हरदोपट्टी के निकट एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं उसका साथी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल और मृतक का शव मोर्चरी में रखवाया है। दोनों तेहरवीं की दावत खाकर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव खजुरा नगला खाम निवासी नन्हे लाल (35) अपने चचेरा भाई दीपू (30) के साथ गांव हराड़ी ब्रजपाल की बुआ की तेहरवीं की दावत से लौट रहे थे। इसी दौरान गांव गढ़िया हरदोपट्टी के निकट उनकी बाइक सड़क पर गिर गई। बाइक में कोई नुक्सान नहीं हुआ है। इससे अंजादा लगाया जा रहा है कि बाइक को किसी वाहन ने टक्कर नहीं मारी बल्कि किसी कारण से बाइक रोड पर गिरी है। दोनों के गंभीर चोटें आईं हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने नन्हे लाल को मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
उसहैत थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि रोड पर बाइक और घायलों के पड़े होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद तत्काल मौके पर पुलिस पहुंच गई। बाइक की हालत देखकर ऐसा नहीं लगा कि बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मारी हो। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।


