बड़े सरकार की दरगाह पर नगर पालिका का ओर से रोज़ा इफ्तार, हज़ारों हिन्दू-मुस्लिमों ने की शिरकत

धार्मिक

बदायूॅं जनमत‌। शहर की गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी भाईचारे की खूबसूरत झलक उस समय देखने को मिली जब सदर नगर पालिका परिषद की ओर से उर्स के अवसर पर हज़रत सुल्तानुल आरफ़ीन बड़े सरकार की दरगाह पर रोज़ा इफ्तार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में हिन्दू-मुस्लिम और शहर के रोज़ादारों ने शामिल होकर एक साथ रोज़ा इफ्तार किया और आपसी प्रेम, सद्भाव तथा एकता का संदेश दिया।
नगर पालिका परिषद की ओर से आयोजित यह रोज़ा इफ्तार कार्यक्रम वर्षों पुरानी परम्परा का हिस्सा है। हर वर्ष उर्स के मौके पर दरगाह परिसर में रोज़ेदारों के लिए इफ्तार का आयोजन किया जाता है। इफ्तार से पहले दरगाह परिसर में अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी। रोज़ेदारों के साथ-साथ शहर के कई गणमान्य लोग और आम नागरिक भी कार्यक्रम में पहुंचे। सभी ने बड़े सरकार की दरगाह पर हाज़िरी लगाई और देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सपा सांसद आदित्य यादव और पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने बड़े सरकार की दरगाह पर अकीदत पेश की। दोनों नेताओं ने दरगाह पर मौजूद लोगों को रमजान की मुबारकबाद दी और रोज़ा इफ्तार कार्यक्रम की सराहना की।
सांसद आदित्य यादव ने कहा कि इस तरह के धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि बदायूं की पहचान ही उसकी गंगा-जमुनी तहज़ीब है, जहां अलग-अलग धर्मों के लोग सदियों से मिलजुल कर रहते आए हैं।
पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने कहा कि भारत दुनिया में कौमी एकता और भाईचारे की सबसे बड़ी मिसाल है। यहां सभी धर्मों और संस्कृतियों के लोग एक गुलदस्ते की तरह रहते हैं और यही हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि रमजान का मुबारक महीना रहमतों, बरकतों और इबादतों का महीना है, जो इंसान को संयम, सेवा और भाईचारे का संदेश देता है।
नगर पालिका चेयरमैन फात्मा रज़ा ने कहा कि रोज़ा इफ्तार जैसे आयोजन समाज में समाजवाद, भाईचारे और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद का प्रयास हमेशा यही रहता है कि शहर में सभी समुदायों के बीच प्रेम और सद्भाव का माहौल बना रहे। इस अवसर पर पूर्व सपा जिलाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह, कैप्टन अर्जुन, जवाहर सिंह यादव, जिलाबार पूर्व अध्यक्ष पवन गुप्ता, बलवीर सिंह यादव समेत गणमान्य मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *