बदायूं में बंदरों को भगाते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया युवक, करंट लगने से मौत

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। गांव में बंदरों के आतंक के बीच एक दुखद घटना सामने आई है। बंदरों को भगाने की कोशिश में 26 वर्षीय कमल सिंह की 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब कमल सिंह अपने घर की छत पर बंदरों को भगाने के लिए गए थे।
हादसा जरीफनगर गांव में हुआ। गांव निवासी कमल सिंह पुत्र श्रीपाल सोमवार को छत पर थे। छत के ऊपर से बिजली लाइन गुजर रही है। बताया गया है कि इस लाइन के नीचे कोई सुरक्षा जाल नहीं था। बंदरों को भगाते समय कमल सिंह का संपर्क बिजली लाइन से हो गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिवार के सदस्यों ने उन्हें तुरंत निजी चिकित्सकों के पास पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिवार वाले कमल सिंह को बदायूं मेडिकल कॉलेज ले गए। मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही कमल सिंह ने दम तोड़ दिया।
जरीफनगर गांव में बंदरों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। ग्रामीणों को बंदरों से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बंदर घरों में घुसकर सामान खराब करते हैं और लोगों पर हमला भी करते हैं। इसी परेशानी के चलते कमल सिंह बंदरों को भगाने छत पर गए थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या के समाधान की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *