बदायूॅं जनमत। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने बीजेपी नगर अध्यक्ष को पीट दिया। बताया जाता है कि उनके सिर पर लोहे की रॉड से प्रहार किया गया है। हालांकि घटना के पीछे वजह क्या है, यह खुलकर सामने नहीं आ सकी है। फिलहाल पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया है।
बिल्सी के मोहल्ला संख्या 6 के निवासी आदित्य माहेश्वरी बीजेपी के बिल्सी नगराध्यक्ष हैं। बताया जाता है कि इलाके के ही एक युवक ने रविवार रात उनके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटनाक्रम के वक्त आदित्य माहेश्वरी अपनी आटा मिल पर मौजूद थे। इसी दौरान मोहल्ले का ही एक युवक वहां पहुंचा और कहासुनी के बाद अचानक लोहे की रॉड उनके सिर पर मार दी। इससे उनके सिर पर चोट आई। साथ ही हाथ में भी चोट लगी है।
वहीं घटना को अंजाम देकर आरोपी वहां से भाग निकला। घायल की सूचना पर पुलिस उन्हें मेडिको लीगल के लिए जिला अस्पताल ले गई।
हालांकि उनके साथ मारपीट किस वजह से की गई, इसको लेकर कोई कुछ बताने को राजी नहीं है। एसएचओ बिल्सी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अभी मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर जांच के बाद प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

