बदायूं में गंगा में नहाने गए 12 साल के बालक की डूबकर मौत, एक घंटे बाद मिला शव

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। गर्मी के चलते गंगा नदी में नहाने गए 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। दोस्तों के साथ खेलते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लहरों में समा गया। साथियों के शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की, लेकिन करीब एक घंटे बाद उसका शव बरामद हो सका। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
कछला क्षेत्र के चंदनपुर गांव के पास से गंगा नदी गुजरती है। रविवार सुबह गांव के 10 से 12 बच्चे गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने चले गए थे। बच्चे पानी में खेल रहे थे, तभी गांव निवासी राहुल तोमर का 12 वर्षीय अभिषेक अचानक गहरे हिस्से में पहुंच गया। उसे डूबता देख अन्य बच्चे घबरा गए और शोर मचाते हुए गांव की ओर भागे। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू कर दी। काफी देर तक खोजबीन के बाद करीब एक घंटे बाद अभिषेक को नदी से बाहर निकाला गया।
परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए उझानी ले गए, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ बच्चे अक्सर नदी में नहाने पहुंच जाते हैं, लेकिन गहरे पानी की जानकारी न होने के कारण हादसे हो जाते हैं। हालांकि परिजनों की ओर से पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *