बदायूॅं जनमत। शादी समारोह से अगवा हुए एक साल के मासूम सौरभ को पुलिस ने आगरा से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में एक नर्स सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मासूम को 70 हजार रुपए में बेचने की योजना थी, जिसके लिए 20 हजार रुपए एडवांस भी लिए जा चुके थे।
घटना 16 अप्रैल की रात इस्लामनगर के मोनार्क फार्म हाउस में एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। संभल जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव सिरसा निवासी भूखन प्रजापति के एक वर्षीय बेटे सौरभ का अपहरण एक युवती ने किया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें एक स्विफ्ट डिजायर कार दिखी, जिसके नंबर के आधार पर पुलिस बुलंदशहर के भोपतपुर निवासी मुनेश तक पहुंची। मुनेश से पूछताछ में पता चला कि अपहरण करने वाली युवती बुलंदशहर के रामनगर की खुशबू है, जो एक निजी अस्पताल में नर्स का काम करती है।
70 हजार रुपये में बेचने की तैयारी थी…
खुशबू बच्चे को अपने मौसा दिनेश निवासी सुखधाम कॉलोनी, थाना सदर, आगरा के घर ले गई थी। दिनेश ने अपने भाई मुकेश के साले सोनू निवासी महल्ला दिवानजी, ताजगंज को यह बच्चा 70 हजार रुपए में बेच दिया था। पुलिस टीम ने सोनू के घर दबिश दी, जहां उसकी पत्नी बबली और रिश्तेदार महिला पूजा मिलीं। बच्चा इन्हीं के पास था।
पुलिस ने खुशबू, दिनेश, सोनू, बबली और पूजा सहित पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। डीआईजी बरेली रेंज आरके साहनी ने बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को 50 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने प्रेसवार्ता में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मुनेश की तलाश जारी है।

